नीट परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर की समीक्षा बैठक, कोटपूतली-बहरोड़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

0
कोटपूतली-बहरोड़ कलेक्ट्रेट सभागार में नीट परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता द्वारा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित करते हुए।
Share News

कोटपूतली-बहरोड़, 30 अप्रैल। जिले में आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 के सफल, सुरक्षित और निष्पक्ष आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त छाया, स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार केंद्र, ओआरएस पैकेट तथा आपातकालीन स्थिति के लिए एम्बुलेंस की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही, परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जाए।

नीट परीक्षा कोटपूतली-बहरोड़ में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी की जीरो टोलरेंस नीति के आधार पर आयोजित होगी। जिला कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार का अनाधिकृत प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रश्नपत्र लीक, सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री का प्रसार, साइबर अपराध या सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीर आपराधिक अपराध माना जाएगा, जिस पर तत्काल एफआईआर और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के दिन सभी परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में ई मित्र, साइबर कैफे, फोटो कॉपी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी। इसके अतिरिक्त, जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों के रूट चार्ट, दिशा संकेतक बोर्ड और आवश्यक एडवाइजरी जारी कर व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आरटीओ और डीटीओ विभाग को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराएं। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद मीणा, परीक्षा नोडल अधिकारी संजू जोशी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *