नीमराना में अवैध कबाड़ गोदामों पर बड़ी कार्रवाई, 12 कबाड़ गोदामों को किया सीज
नीमराना में अवैध कबाड़ गोदामों पर कार्रवाई, 12 सीज
कोटपूतली-बहरोड़, 28 अप्रैल। नीमराना नगर पालिका क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कबाड़ गोदामों पर शिकंजा कसा है। जिला कलेक्टर के निर्देशों की पालना में एवं उपखण्ड अधिकारी नीमराना के निर्देशन में नगर पालिका प्रशासन, तहसील प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को नगर क्षेत्र में संचालित भंडारण स्थलों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।
इस विशेष अभियान के दौरान अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका नीमराना, तहसीलदार नीमराना, अग्निशमन अधिकारी सहित नगर पालिका व तहसील स्टाफ की टीम ने कई स्थानों पर जांच कर अवैध रूप से संचालित कबाड़ गोदामों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में कुल 17 संचालकों को नोटिस जारी किए गए, जबकि 12 गोदामों को नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते सीज कर दिया गया।
प्रशासनिक जांच में सामने आया कि ये कबाड़ गोदामों बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहे थे और इनमें आग सुरक्षा, स्वच्छता तथा जन सुरक्षा से जुड़े आवश्यक प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा था। संभावित दुर्घटनाओं और जनहानि की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से इन अवैध स्थलों को ताला बंदी कर सीज करने की कार्रवाई की।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में अवैध कबाड़ गोदामों और अन्य गैरकानूनी व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि जनहित, पर्यावरण सुरक्षा और शहरी व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नीमराना में हुई इस कार्रवाई से अवैध संचालकों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे जन सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया है। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी कबाड़ गोदामों सहित सभी अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।