मंडी कोटपूतली के खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण, गड़बड़ियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
कोटपूतली-बहरोड़, 28 अप्रैल। किसानों के हितों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कृषि उपज मंडी समिति स्थित भारतीय खाद्य निगम के गेहूं खरीद केंद्र पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण ने मंगलवार को मंडी कोटपूतली पहुंचकर खरीद केंद्र की व्यवस्थाओं, तौल प्रक्रिया और किसानों की शिकायतों की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने गेहूं तौल में अनियमितता, इलेक्ट्रॉनिक कांटों में गड़बड़ी और खाली कट्टों के वजन में निर्धारित मानक से अधिक कटौती की शिकायतें रखीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने मौके पर ही जांच करवाई। जांच में पाया गया कि खरीद केंद्र पर उपयोग किए जा रहे कांटों में प्रति 50 किलो पर लगभग 350 ग्राम अधिक तौल की गड़बड़ी थी। इसके अलावा जहां खाली कट्टे का मानक वजन 135 ग्राम निर्धारित है, वहीं किसानों से 500 से 700 ग्राम तक की कटौती की जा रही थी, जिससे प्रत्येक कट्टे पर किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मापतोल विभाग की तकनीकी टीम को तुरंत बुलाया गया। टीम द्वारा खरीद केंद्र के तीनों इलेक्ट्रॉनिक कांटों की जांच की गई, जिसमें सभी कांटे लंबे समय से अप्रमाणित पाए गए। साथ ही ऑयल जांच मशीन का भी निरीक्षण किया गया।
मंडी कोटपूतली में सामने आई इन गड़बड़ियों पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने खरीद केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई और कांटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही भारतीय खाद्य निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। मंडी कोटपूतली में पारदर्शिता, निष्पक्ष तौल व्यवस्था और निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित की जाएगी। भविष्य में भी खरीद केंद्रों पर नियमित निरीक्षण जारी रहेगा ताकि किसानों को किसी प्रकार की हानि न हो और व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।